logo

प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद राजोश ठाकुर का एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, हजारों कार्यकर्ता उमड़े 

12234news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद राजेश ठाकुर शनिवार को दिल्ली से रांची लौटे। रांची एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए फूल माला, गुलदस्ता, बैनर, झंडा आदि लेकर पहुंचे थे। राजेश ठाकुर के साथ कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर और जलेश्वर महतो भी रांची लौटे हैं। सभी का जबरदस्त स्वागत किया गया। 

पारंपरिक वेश भूषा में पहुंचे थे कार्यकर्ता 
प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्षों के स्वागत में लोग पारंपरिक वेश भूषा मे पहुंचे थे। लाल पाड़ सारी में युवतियां पहुंची थी। पारंपरिक गीत और मांदर, ढोल नगाड़ों की थाप पर खूब जश्न मनाया गया। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष एयरपोर्ट से बाहर निकले, पूरा हुजुम उनके साथ चलने लगा। भीड़ अधिक होने के कारण थोड़ी अफरा तफरी भी रही। हर कोई राजेश ठाकुर के साथ तस्वीर लेना चाह रहा था। पूरे हुजुम के साथ राजेश ठाकुर, गीता कोड़ा, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर और जलेश्वर महतो एयरपोर्ट से बाहर निकले। 

कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण 
एयरपोर्ट से निकलते ही हिनू चौक पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ चारों कार्यकारी अध्यक्ष ने कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। माल्यार्पण के दौरान तीनों तरफ ट्रैफिक रुकी रही। सभी ने एक साथ प्रतिमा के सामने से सबका अभिवादन किया और फिर मोरहाबादी स्थित गांधी प्रतिमा की तरफ चल दिए। राजेश ठाकुर ने द फॉलोअप से बात करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता उनकी प्राथमिकता होंगे।